मियामी , अक्टूबर 29 -- ब्राजील के सांसद और पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो ने देश से फरार होकर अमेरिका पहुंचने के बाद गुरुवार को कहा कि वह 'ब्राजील के असली नेता हैं' तथा लूला डा सिल्वा ने धांधली से चुनाव जीते हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी श्री बोल्सोनारो बुधवार सुबह एक प्राइवेट जेट में फ्लोरिडा के मियामी पहुंचे। ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें पासपोर्ट जमा कर देश में रहने के लिए कहा था, लेकिन वह अमेरिका फरार हो गये।

उल्लेखनीय है कि श्री बोल्सोनारो पर धन-शोधन घोटाले में शामिल होने का आरोप है। उनसे जुड़े एक अन्य वित्तीय अनियमितता मामले की भी जांच हो रही है। श्री बोल्सोनारो ने किसी भी तरह के भ्रष्टाचार में शामिल होने से इनकार किया है और इन मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।

उन्होंने एक्स पर एक पत्र साझा करते हुए कहा, "लूला के पूर्व अधिवक्ता के अनुचित एवं गैर-कानूनी कार्यों ने असंभव को संभव बनाया है। लूला को पहले और दूसरे चरण के बीच एक करोड़ से ज्यादा वोट मिले।"श्री बोल्सोनारो सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस क्रिस्टियानो ज़ानिन की बात कर रहे थे, जो पहले श्री लूला के वकील रह चुके हैं। श्री लूला के प्रचार दल की ओर से सार्वजनिक परिवहन में आ रही बाधाओं की शिकायत मिलने के बाद, श्री ज़ानिन ने रविवार को मतदान का समय शाम पांच बजे से बढ़ाकर शाम सात बजे तक करने का आदेश दिया।

इस फैसले से उन मतदान केंद्रों पर भ्रम की स्थिति पैदा हो गयी जो पहले ही बंद हो चुके थे, जिसके बाद श्री ज़ानिन ने स्पष्ट किया कि यह समय-विस्तार केवल उन्हीं जगहों के लिए है जहां मतदान अभी भी चल रहा था।

उल्लेखनीय है कि श्री बोल्सोनारो के पिता, पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो 2022 के चुनाव में श्री लूला से अपनी हार को पलटने के लिए तख्तापलट की साजिश रचने का दोषी पाये जाने के बाद 27 साल की जेल की सजा काट रहे हैं। वरिष्ठ बोल्सोनारो ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है और इस मामले को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित