तेहरान , मार्च 26 -- ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका पर पश्चिम एशिया में "दोहरा मापदंड" अपनाने का आरोप लगाते हुए उसके 15-सूत्रीय प्रस्ताव को खारिज कर दिया है।
श्री अराघची ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि अमेरिका एक ओर गाजा में इजरायल की नाकेबंदी का समर्थन करता है, जबकि दूसरी ओर होर्मुज जलडमरूमध्य में आत्मरक्षा के लिए उठाए गए ईरान के कदमों की आलोचना करता है। उन्होंने कहा, "अंतरराष्ट्रीय कानून सुविधा के अनुसार इस्तेमाल करने का उपकरण नहीं है।"उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान वर्तमान में अमेरिका के साथ किसी भी तरह की वार्ता नहीं कर रहा है और न ही ऐसी कोई योजना है, जिससे युद्ध समाप्त हो सके। यह बयान अमेरिकी अधिकारियों के उन दावों के विपरीत है, जिनमें बातचीत को "जारी" और "सार्थक" बताया गया था।
रिपोर्टों के अनुसार अमेरिका ने हाल ही में तेहरान को 15 बिंदुओं वाला प्रस्ताव दिया था, जिसे ईरानी पक्ष ने "अत्यधिक कठोर और अव्यावहारिक" करार दिया है।
श्री अराघची ने ईरान की ओर से पेश किए गए पांच बिंदुओं के प्रतिप्रस्ताव का भी उल्लेख किया और देश की प्रमुख नीतिगत स्थितियों को दोहराया। उन्होंने कहा कि अमेरिका मध्यस्थों के जरिए प्रस्ताव भेज रहा है, लेकिन दोनों देशों के बीच कोई प्रत्यक्ष बातचीत नहीं हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित