वाशिंगटन , मई 15 -- अमेरिका ने कई संघर्षों में हथियारों के भारी इस्तेमाल के बाद गंभीर रूप से घट रहे मिसाइल भंडार को फिर से भरने के लिए व्यापक पहल की शुरुआत की है जिसके तहत 10,000 से अधिक सस्ते क्रूज मिसाइलों और लगभग 12,000 सस्ते हाइपरसोनिक हथियार हासिल करने के प्रयासों की घोषणा की गई है।
इस योजना की घोषणा ऐसे समय में की गयी है, जब यूक्रेन और इजरायल को बड़े पैमाने पर सैन्य सहायता देने के साथ-साथ 2025 और 2026 में ईरान में प्रत्यक्ष सैन्य अभियान चलाने के बाद अमेरिकी सैन्य आपूर्ति बहुत कम हो गई है।
युद्ध विभाग के अनुसार, 'लो-कॉस्ट कंटेनराइज्ड मिसाइल्स' (एलसीसीएम) नामक एक नए कार्यक्रम के तहत एंडुरिल इंडस्ट्रीज, लेइदॉस, कोएस्पायर और ज़ोन 5 टेक्नोलॉजीज के साथ रूपरेखा समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
युद्ध विभाग ने हालांकि इस बारे में बहुत कम तकनीकी विवरण दिए हैं कि 'कंटेनराइज्ड' मिसाइलों का वास्तव में क्या अर्थ है, लेकिन एंडुरिल द्वारा जारी सूचना के अनुसार इन मिसाइलों को शिपिंग कंटेनरों जैसे दिखने वाले बक्सों से लॉन्च करते हुए दिखाया गया है। इस सूचना ने व्यापक ध्यान आकर्षित किया है क्योंकि ऐसी प्रणालियों को सैद्धांतिक रूप से नागरिक मालवाहक जहाजों पर छिपाया जा सकता है या पारंपरिक सैन्य बुनियादी ढांचे के बिना तेजी से तैनात किया जा सकता है।
चारों कंपनियों के जून की शुरुआत में परीक्षण मिसाइलों की डिलीवरी शुरू करने की उम्मीद है। एंडुरिल ने कहा कि उसका इरादा अपनी बाराकुडा-500एम क्रूज मिसाइल की आपूर्ति करने का है। लेइदॉस ने पुष्टि की है कि वह कार्यक्रम के लिए अपने एजीएम-190ए स्मॉल क्रूज मिसाइल डिजाइन को एक बड़े संस्करण में बदलेगी। कोएस्पायर और ज़ोन 5 पहले से ही अमेरिकी वायु सेना की 'एक्सटेंडेड रेंज अटैक म्यूनिशन' पहल में शामिल थे, जिसे 2024 में रूस के खिलाफ यूक्रेन के युद्ध प्रयासों का समर्थन करने के लिए शुरू किया गया था।
एक अलग समझौते में, युद्ध विभाग ने अगले दो वर्षों में कम से कम 500 ब्लैकबियर्ड हाइपरसोनिक मिसाइलों की खरीद के लिए स्टार्टअप कैस्टेलियन के साथ एक सौदे की घोषणा की। अधिकारी इस कार्यक्रम को पांच वर्षों में लगभग 12,000 मिसाइलों की आपूर्ति के लिए अतिरिक्त धन की मांग कर रहे हैं। ब्लैकबियर्ड प्रणाली को एम142 एचआईएमआरएस प्लेटफॉर्म या वर्तमान में विचाराधीन मानवरहित लॉन्चरों से लॉन्च करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
यह कदम अमेरिका के भीतर इस बढ़ती चिंता के बीच उठाया गया है कि आधुनिक युद्ध कितनी तेजी से उन्नत हथियारों को खत्म कर रहा है। अकेले ईरान संघर्ष के दौरान, अमेरिका ने कथित तौर पर 1,000 से अधिक टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें, 1,100 से अधिक जेएएसएसएम स्टील्थ मिसाइलें और 1,200 से अधिक पैट्रियट इंटरसेप्टर दागे।
सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज के स्वतंत्र आकलन के अनुसार, अमेरिका ने अब अपने प्रिसिजन अटैक मिसाइल भंडार का लगभग 45 प्रतिशत, अपने पैट्रियट भंडार का लगभग आधा और कुछ थाड इंटरसेप्टर भंडार का 50 से 80 प्रतिशत हिस्सा खत्म कर दिया है। सैन्य योजनाकारों के लिए यह एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि आपूर्ति को फिर से भरने की तुलना में कहीं अधिक तेजी से उनका उपभोग किया जा रहा है।
रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि अमेरिकी सेना ने ईरान युद्ध के दौरान पूरे 2025 में उत्पादित पैट्रियट मिसाइलों की तुलना में लगभग दोगुनी मिसाइलें दागीं। उत्पादन क्षमता आवश्यकता से बहुत कम होने के कारण, इनकी पूर्ति में वर्षों, संभवतः एक दशक लग सकता है।
वर्तमान अनुमानों से पता चलता है कि एक नई टॉमहॉक मिसाइल का उत्पादन करने में लगभग 47 महीने और एक एकल जेएएसएसएम मिसाइल के लिए लगभग 48 महीने लगते हैं, जिसका अर्थ है कि हाल के संघर्षों के दौरान उपयोग किए गए कुछ गोला-बारूदों की पूर्ति 2030 तक भी पूरी नहीं की जा सकती।
अधिकारी आधुनिक युद्ध में लागत के असंतुलन से भी निराश हैं। अमेरिकी सेना ने बार-बार लगभग 40 लाख अमेरिकी डॉलर की लागत वाले पैट्रियट इंटरसेप्टर या लगभग 10 लाख डॉलर की एआईएम-120 मिसाइलों का उपयोग उन सस्ते हमलावर ड्रोन को नष्ट करने के लिए किया है जिन्हें बनाने में 20,000 डॉलर से भी कम लागत आती है।
सैन्य योजनाकारों ने यूक्रेन और पश्चिमी एशिया में उपयोग किए जाने वाले कम लागत वाले ड्रोन, विशेष रूप से ईरानी शाहेद प्रणालियों की प्रभावशीलता का बारीकी से अध्ययन किया है। अमेरिकी वायु सेना का कम लागत वाला अनक्रूड कॉम्बैट अटैक सिस्टम, जिसे लुकास के रूप में जाना जाता है, कथित तौर पर शाहेद 136 ड्रोन से 'रिवर्स-इंजीनियर्ड' तकनीक का उपयोग करके विकसित किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित