नयी दिल्ली/तेहरान , मार्च 21 -- अमेरिका ने प्रतिबंधों में अस्थाई ढील देते हुए ईरान को उस कच्चे तेल को बेचने की अनुमति दी है, जो उसने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में जमा कर रखा है, लेकिन ईरान के कहा है कि उसके पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में 'कोई तेल नहीं' है।

तेल बाजार में बढ़ती कीमतों को शांत करने के उद्धेश्य से, ट्रम्प प्रशासन ने ईरान को लगभग 140 मिलियन बैरल कच्चा तेल बेचने के लिए अस्थायी छूट दी है।

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका ने ईरान को उस कच्चे तेल को बेचने की अनुमति देने के लिए अस्थायी रूप से प्रतिबंधों में ढील दी है 'जो उसने पानी पर जमा कर रखा है।' हालांकि, ईरानी पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि देश के पास समुद्र में कोई 'कच्चा तेल' जमा नहीं है।

ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी (एमएनए) ने ईरानी तेल मंत्रालय के प्रवक्ता समन घौदौसी के हवाले से कहा कि वर्तमान में ईरान के पास पानी में कोई कच्चा तेल नहीं बचा है और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए कोई अधिशेष नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी वित्त मंत्री की टिप्पणी का उद्देश्य बाजार की धारणा को प्रभावित करना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित