वॉशिंगटन , सितंबर 02 -- अमेरिका ने तुर्की के आर्टेमिस समझौते पर हस्ताक्षर करने का स्वागत किया है और इसके साथ ही तुर्की अंतरिक्ष खोज में शांतिपूर्ण, टिकाऊ एवं पारदर्शी सहयोग के लिए बने इस ढांचे में शामिल होने वाला 71वां देश बन गया है।
तुर्की के उद्योग एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मेहमत फतिह कासिर ने अमेरिका में नासा मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में इन समझौतों पर हस्ताक्षर किये। अंतरिक्ष और पर्यावरण मामलों के लिए अमेरिकी उप सहायक विदेश मंत्री कॉनर टॉमलिंसन और नासा प्रशासक जेरेड इसाकमैन इस हस्ताक्षर समारोह के गवाह बने। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का लंबे समय से सहयोगी रहा तुर्की, रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और व्यावसायिक साझेदारी के मामलों में अमेरिका के साथ मिलकर काम करता है।
आर्टेमिस समझौते 2020 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान अमेरिका और सात अन्य देशों (ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इटली, जापान, लक्जमबर्ग, संयुक्त अरब अमीरात और ब्रिटेन) द्वारा शुरू किए गये थे। इनका मकसद जिम्मेदार नागरिक अंतरिक्ष खोज के लिए व्यावहारिक सिद्धांत तय करना है। मॉरिशस 17 जुलाई को इस समझौते पर हस्ताक्षर करने वाला 70वां देश बना था, जिससे तुर्की के इस पहल में शामिल होने वाला नवीनतम देश बनने का रास्ता साफ हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित