बगदाद , मार्च 24 -- इराक में अमेरिकी दूतावास ने एक नया परामर्श जारी कर अमेरिकी नागरिकों से तुरंत इराक छोड़ने का आग्रह किया है। इस परामर्श में ईरान समर्थित आतंकवादी समूहों से बढ़ते खतरों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए निरंतर जोखिमों का हवाला दिया गया है।
एक अद्यतन नोटिस में, दूतावास ने कहा कि ईरान समर्थित आतंकवादी समूहों ने इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र सहित पूरे इराक में अमेरिकी नागरिकों और 'हितों' को निशाना बनाते हुए व्यापक हमले किए हैं।
अमेरिका ने 'यात्रा न करने' संबंधी अपनी लेवल चार की चेतावनी को दोहराते हुए सलाह दी है, "किसी भी कारण से इराक की यात्रा न करें। यदि आप वहां हैं तो अभी निकल जाएं।"यद्यपि इराक में अमेरिकी मिशन नागरिकों की सहायता के लिए 'ऑर्डर्ड डिपार्चर स्टेटस' के तहत काम कर रहा है, लेकिन दूतावास ने अमेरिकियों को इराकी हवाई क्षेत्र में मिसाइल, ड्रोन और रॉकेट हमलों के निरंतर खतरे के कारण बगदाद में इसके परिसरों या इरबिल में वाणिज्य दूतावास के पास न जाने की चेतावनी दी है।
परामर्श में इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि ईरान समर्थित आतंकवादी समूह एक गंभीर खतरा बने हुए हैं, जिन्होंने राजनयिक मिशनों, व्यवसायों, ऊर्जा बुनियादी ढांचों और संयुक्त राज्य अमेरिका से जुड़े अन्य स्थानों को निशाना बनाया है। विदेशियों द्वारा अक्सर उपयोग किए जाने वाले वाणिज्यिक हवाई अड्डों और होटलों पर भी हमले हुए हैं। साथ ही यह भी चिंता जतायी गयी है कि आतंकवादी अमेरिकी नागरिकों का अपहरण करने का प्रयास कर सकते हैं।
दूतावास ने उल्लेख किया कि इराक का हवाई क्षेत्र बंद है और वाणिज्यिक उड़ानें निलंबित हैं। हालांकि, जॉर्डन, कुवैत, सऊदी अरब और तुर्किये सहित पड़ोसी देशों के जमीनी मार्ग खुले हैं लेकिन यात्रियों को लंबी देरी का सामना करना पड़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित