भोपाल , फरवरी 22 -- सुप्रिया श्रीनेत ने दिल्ली में कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन के मुद्दे और अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। भोपाल में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस सोशल मीडिया चेयरपर्सन श्रीनेत ने कहा कि सरकार देश के हितों से समझौता कर रही है।
उन्होंने कहा कि "नंगे आप हैं", आपने अमेरिका को थाली में परोसकर देश का डाटा दे दिया। किसानों के हितों के साथ समझौता किया गया है और ऐसी ट्रेड डील की गई है जिससे देश को नुकसान होगा। उनका आरोप था कि सरकार 18 प्रतिशत टैरिफ को उपलब्धि की तरह प्रस्तुत कर रही है, जबकि इससे भारत को आर्थिक नुकसान होगा।
श्रीनेत ने कहा कि भारत का अमेरिका के साथ ट्रेड सरप्लस था, लेकिन नई व्यवस्था से इसे ट्रेड डेफिसिट में बदला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि, केमिकल और औद्योगिक उत्पादों के आयात को बढ़ावा दिया जा रहा है। सोयाबीन ऑयल और मक्के के बाय प्रोडक्ट जैसे कृषि उत्पाद अमेरिका से खरीदने की बात कही जा रही है, जिससे भारतीय किसानों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका भारत को यह निर्देश दे रहा है कि वह किस देश से तेल खरीदे या नहीं खरीदे। श्रीनेत ने आरोप लगाया कि जल्दबाजी में की गई इस डील से किसानों और उद्योगों को नुकसान होगा।
प्रेसवार्ता में उन्होंने 24 फरवरी को भोपाल में प्रस्तावित किसान पंचायत का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ट्रेड डील की "सच्चाई" बताने के लिए खेत-खेत जाएगी और किसान पंचायतों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित