नयी दिल्ली , अप्रैल 15 -- अमेरिका के साथ फरवरी में हुए अंतरिम व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दाें पर बातचीत के लिए मुख्य व्यापार वार्ताकार के नेतृत्व में भारतीय अधिकारियों का दल इस महीने की 20 तारीख से अमेरिका की यात्रा पर जा रहा है। यह जानकारी वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बुधवार को दी।

इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के व्यापार वार्ताकार आमने सामने बैठ कर अंतरिम समझौते से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे। वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों ने यहां कहा कि दोनों देशों के आधिकारिक दल तीन माह से अधिक के अंतराल के बाद आमने-सामने बैठने जा रहे हैं।

भारतीय दल फरवरी के दूसरे पखवाड़े में वाशिंगटन जाने की तैयारी में था पर इसी दौरान 20 फरवरी को राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप द्वारा आपातकालीन अधिकारों के तहत भारत सहित अमेरिका के तमाम व्यापारिक देशों के माल पर लाये गये शुल्कों को अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए खारिज कर दिया गया।

बदली परिस्थितियों में भारतीय दल की प्रस्तावित यात्रा स्थगित कर दी गयी थी। इस बीच दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते और नये बने हालात के बारे में वीडिया कांफ्रेंसिंग जैसे डिजिटल माध्यमों के जरिये बातचीत होती रही है।

वाणिज्य सचिव श्री अग्रवाल ने अपने कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ' हम अमेरिका के साथ समझौते को कानूनी तौर पर अंतिम रूप देने पर विचार कर रहे हैं। इस समझौते को लेकर 7 फरवरी, 2026 को जारी भारत-अमेरिका संयुक्त वक्तव्य पर तार्किक रूप से इसी तरह आगे बढ़ना है।"वाणिज्य सचिव ने कहा कि इस समझौते काे आगे बढ़ाने के लिए और अधिक चर्चा क्रियान्वयन संबंधी बातचीत की आवश्यकता है।' उन्होंने यह भी कहा , ' अमेरिका ने कई देशों के साथ अपने व्यापार के संबंध में जांच शुरू की है। दोनों पक्ष एक साथ बैठकर चर्चा करेंगे कि इन मुद्दों को कैसे व्यवस्थित किया जाए और उनका समाधान कैसे किया जा सकता है।' उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका चल रही बातचीत के तहत समय-सीमा और अगले कदमों को अंतिम रूप देने के लिए मिलकर काम करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित