तेहरान , अगस्त 09 -- ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि फिलहाल अमेरिका के साथ कोई सीधी बातचीत नहीं हो रही है और दोनों पक्षों के बीच केवल मध्यस्थों के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान हो रहा है।
ईरानी समाचार एजेंसी मेहर के अनुसार, श्री अराघची ने कहा कि मध्यस्थ अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिर शुरू करने के रास्ते तलाश रहे हैं, लेकिन तेहरान का मानना है कि जब तक वाशिंगटन दोनों देशों के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के कथित उल्लंघनों को लेकर सुधारात्मक कदम नहीं उठाता, तब तक बातचीत बहाल नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा, "बातचीत के लिए परिस्थितियां तैयार करने के प्रयास जारी हैं।" उन्होंने दोहराया कि अमेरिका द्वारा अपने कथित उल्लंघनों को ठीक किए जाने तक बातचीत फिर शुरू होने की कोई संभावना नहीं है।
श्री अराघची ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री मार्गों में बदलाव एक तकनीकी और कानूनी विषय है तथा इसे जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
इससे पहले श्री अराघची ने कहा था कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में नए समुद्री मार्ग स्थापित करने को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गयी है। उन्होंने हालांकि स्पष्ट किया था कि नए मार्गों का निर्धारण जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने के समान नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित