सहारनपुर , मई 25 -- कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सोमवार को केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अमेरिका के दबाव में महंगे पेट्रोलियम पदार्थ खरीदे जा रहे हैं, जिसके कारण देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो देश में पेट्रोलियम पदार्थों की भारी किल्लत पैदा हो सकती है। अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इमरान मसूद ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और दाल, चावल, गेहूं, मक्का, फल, सब्जी तथा दवाइयों की कीमतें आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकारें महंगाई और बेरोजगारी जैसे मूल मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए धार्मिक और साम्प्रदायिक विषयों को उछाल रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुसलमानों, मस्जिदों और मदरसों को निशाना बनाया जा रहा है तथा गौकशी के नाम पर मुसलमानों पर अत्याचार हो रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की राजनीति करती है, जबकि भाजपा समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर रही है।
इमरान मसूद ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए कहा कि इस बार उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा। प्रेस वार्ता के दौरान उनके भाई नौमान मसूद भी मौजूद थे। इमरान ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।
विपक्षी दलों से संभावित गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। बसपा के संबंध में उन्होंने टिप्पणी की कि "बसपा का हाथी भाजपा की ओर जाता दिख रहा है।" वहीं समाजवादी पार्टी से गठबंधन पर भी उन्होंने फैसला हाईकमान पर छोड़ दिया।
सांसद ने कश्यप समाज की एक महिला को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सपा सांसद इकरा हसन के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार की निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनप्रतिनिधियों की बात गंभीरता से सुननी चाहिए और निष्पक्ष तरीके से समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
मंदिर के एक पुजारी के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि पुलिस को किसी दबाव में आकर मुकदमे दर्ज नहीं करने चाहिए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर ब्राह्मण समाज को न्याय दिलाने की मांग की। उल्लेखनीय है कि इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को सहारनपुर नगर के मंदिर बंद रखे गए और बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र कपिल, महेंद्र तनेजा, सरफराज खान, जिलाध्यक्ष ठाकुर संदीप सिंह राणा, जिला प्रवक्ता गणेश दत्ता शर्मा और फरहाद गाडा सहित कई नेता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित