बैतूल , अक्टूबर 15 -- मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ ने यह साबित कर दिया है कि भारत के लिए आत्मनिर्भर बनना कितना आवश्यक है। वे बुधवार को बैतूल में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आर्थिक रूप से इतना सशक्त हो चुका है कि अब किसी बाहरी दबाव से डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले भारत रक्षा उपकरणों का बड़ा आयातक देश था, लेकिन अब वह हजारों करोड़ रुपये के रक्षा उत्पादों का निर्यातक बन गया है।
उन्होंने कहा कि पहले बजट का बड़ा हिस्सा ब्याज और रक्षा सौदों में खर्च होता था, जबकि अब वही धन आत्मनिर्भर भारत की नींव को मजबूत करने में लगाया जा रहा है। सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और स्वदेशी निर्माण के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मंत्री ने कहा, "एक समय था जब भारत में सुई तक नहीं बनती थी, लेकिन आज देश की वस्तुएं दुनिया भर में निर्यात हो रही हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को केवल नीति नहीं, बल्कि जन-अभियान बना दिया है।
राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि देश अब 2जी और 3जी घोटालों के दौर से बहुत आगे निकल चुका है और आज भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की सबसे तेज़ गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गई है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित