वाशिंगटन , जुलाई 05 -- अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को सभी 50 राज्यों में परेड, ऐतिहासिक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शानदार आयोजन किया गया। राजधानी वाशिंगटन में रिकॉर्ड आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया, जबकि न्यूयॉर्क में नौसेना की 'ब्लू एंजेल्स' टीम ने हवाई शो से जश्न की रौनक बढ़ायी।

वाशिंगटन में खराब मौसम और बीच-बीच में बिजली चमकने के बावजूद स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत लगभग 40 मिनट तक आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। आयोजकों के अनुसार 10 विभिन्न स्थानों से करीब 8.5 लाख आतिशबाजी के गोले दागे गये। इनमें लिंकन मेमोरियल रिफ्लेक्टिंग पूल, पोटोमैक नदी में तैनात बार्ज और वेस्ट पोटोमैक पार्क शामिल थे। यह प्रदर्शन इतिहास की सबसे बड़ी आतिशबाजी के रूप में गिनीज विश्व रिकॉर्ड भी बना सकता है।

न्यूयॉर्क में चार जुलाई के जश्न में मेयर जोहरान ममदानी ने एम्पायर स्टेट बिल्डिंग को लाल, सफेद और नीली रोशनी से जगमगाया। इससे पहले अमेरिकी नौसेना की 'ब्लू एंजेल्स' एरोबेटिक टीम ने न्यूयॉर्क हार्बर के ऊपर उड़ान भरते हुए लाल, सफेद और नीले रंग का धुआं छोड़ा। इसी दौरान ऐतिहासिक जहाजों की परेड भी आयोजित की गयी।

इस बीच, अमेरिका के पूर्वी तट पर खराब मौसम और भीषण गर्मी के कारण कई कार्यक्रम प्रभावित हुए। वाशिंगटन, न्यूयॉर्क और फिलाडेल्फिया में आंधी-तूफान और तेज गर्मी ने आयोजनों में बाधा डाली।

डेल्टा एयरलाइंस ने बताया कि अटलांटा से शिकागो जा रही उसकी एक उड़ान लैंडिंग से पहले आतिशबाजी की सामग्री के संपर्क में आ गयी, हालांकि विमान सुरक्षित उतर गया।

न्यूयॉर्क में रात करीब नौ बजे मैसीज़ की स्वतंत्रता दिवस आतिशबाजी के समापन के दौरान ब्रुकलिन ब्रिज के कई स्थानों पर आग लग गयी। वीडियो फुटेज में पुल के पैदल मार्ग पर कई जगह आग की लपटें उठती दिखायी दीं, जहां से आतिशबाजी छोड़ी जा रही थी।

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दमकलकर्मियों ने पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया। रात करीब 10 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गयी और पुल पर आपातकालीन सेवाओं की टीमें तैनात रहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित