रायबरेली , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली की धरती समेत अन्य जिलों में तकनीक व नवाचार से मत्स्य पालन का नेटवर्क खड़ा वाले उद्यमी के लिए अगर कड़ी मेहनत, तकनीकी ज्ञान और कुछ नया करने का जुनून हो तो सफलता की राह किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहती।

इसका उदाहरण बस्ती जिले के वाल्टरगंज निवासी सुजीत कुमार चौधरी हैं, जिन्होंने सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में अमेरिका में नौकरी करने के बाद भारत लौटकर कृषि और मत्स्य पालन को अपना व्यवसाय बनाया। आज वह रायबरेली, उन्नाव और प्रतापगढ़ के 50 से अधिक किसानों को मत्स्य पालन से जोड़कर लगभग 350 एकड़ क्षेत्रफल में उत्पादन कर रहे हैं।

सुजीत कुमार चौधरी ने वर्ष 2005 में नोएडा से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उनका करियर अमेरिका तक पहुंचा और वर्ष 2010 में उन्होंने वहां एक कंपनी में काम शुरू किया। तकनीकी क्षेत्र में अनुभव हासिल करने के बाद वर्ष 2016 में वह भारत लौट आए। इसी वर्ष उन्होंने नोएडा में अपनी सॉफ्टवेयर कंपनी भी शुरू की।

कृषि व्यवसाय से जुड़े पारिवारिक परिवेश ने उन्हें ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि की संभावनाओं पर काम करने के लिए प्रेरित किया। उनका मानना था कि तकनीक और प्रबंधन का उपयोग कृषि क्षेत्र में किया जाए तो इसका लाभ बड़ी संख्या में किसानों तक पहुंच सकता है। इसी सोच के साथ उन्होंने पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण के साथ मत्स्य पालन को चुना।

स्टार्टअप और नवाचार के बढ़ते माहौल के बीच उन्होंने मत्स्य विभाग से संपर्क कर सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना का लाभ लेते हुए मत्स्य पालन की शुरुआत की। रायबरेली की महाराजगंज तहसील क्षेत्र के बावन बुजुर्ग बल्ला गांव में लगभग 15 एकड़ भूमि पर तालाब विकसित कर उन्होंने मत्स्य उत्पादन शुरू किया।

शुरुआत में मत्स्य पालन उनके लिए नया क्षेत्र था, लेकिन सॉफ्टवेयर क्षेत्र से मिले तकनीकी अनुभव, प्रबंधन क्षमता और लगातार सीखने की प्रवृत्ति ने उन्हें आगे बढ़ने में मदद की। धीरे-धीरे आसपास के किसान भी मत्स्य पालन की संभावनाओं को समझने लगे और उनके साथ जुड़ते गए।

आज सुजीत कुमार चौधरी के साथ रायबरेली, उन्नाव और प्रतापगढ़ के 50 से अधिक किसान जुड़े हैं। ये किसान लगभग 350 एकड़ क्षेत्रफल में मत्स्य पालन कर रहे हैं। किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन, उत्पादन और बाजार की जरूरतों के अनुरूप मत्स्य पालन के लिए मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

सुजीत कुमार चौधरी का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल स्वयं सफल होना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक कृषि और मत्स्य पालन से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उनके अनुसार कृषि में तकनीक, बाजार की समझ और उद्यमिता का समावेश ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित