वाशिंगटन , अक्टूबर 27 -- अमेरिका ने आरोप लगाया है कि लैटिन अमेरिका से जुड़े मादक पदार्थों के तस्कर नेटवर्क प्रशांत द्वीपीय देशों का इस्तेमाल पारगमन मार्ग के रूप में कर रहे हैं।
अमेरिका ने इससे निपटने के लिए क्षेत्रीय कानून प्रवर्तन को मजबूत करने और सीमापार आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चार करोड़ 40 लाख डॉलर की नई सुरक्षा सहायता देने की घोषणा की है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ एवं कानून प्रवर्तन मामलों के सहायक मंत्री एफ. कार्टराइट वीलैंड ने कहा कि प्रशांत क्षेत्र में मादक पदार्थों की जब्ती में भारी वृद्धि हुई है, जिससे द्वीपीय देशों और अमेरिका के सामने बढ़ते सुरक्षा खतरे का पता चलता है।
श्री वीलैंड ने मंगलवार को ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, "इस साल मई से पहले प्रशांत क्षेत्र के अधिकारियों ने 17 टन अवैध मादक पदार्थ जब्त किए थे।" उन्होंने कहा कि यह मात्रा पूरे वर्ष 2025 में जब्त किए गए मादक पदार्थों की कुल मात्रा से तीन गुना से भी अधिक थी।
उन्होंने कहा कि यह वृद्धि संकेत देती है कि तस्कर अमेरिका महाद्वीप, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और प्रशांत द्वीपीय देशों के बीच विशाल समुद्री दूरी का फायदा उठाकर समुद्री मार्गों और बंदरगाहों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं।
अमेरिका ने पिछले सप्ताह लॉस एंजिलिस में पहली अमेरिका-प्रशांत द्वीप पुलिस मंत्रियों की बैठक आयोजित की, जिसमें क्षेत्रीय अधिकारियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने इस खतरे से निपटने के लिए समन्वय पर चर्चा की।
बैठक में अमेरिका ने 4.4 करोड़ डॉलर की नई सहायता योजनाओं की घोषणा की। इसमें पलाऊ में एक क्षेत्रीय अपराध निरोधक केंद्र के लिए 70 लाख डॉलर शामिल हैं। यह केंद्र समुद्री कानून प्रवर्तन प्रशिक्षण, वित्तीय खुफिया जानकारी और साइबर अपराध से निपटने पर ध्यान केंद्रित करेगा।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारी अभी यह स्पष्ट रूप से निर्धारित नहीं कर पाए हैं कि क्षेत्र में कौन-कौन से तस्करी गिरोह सक्रिय हैं और उनकी मौजूदगी किस तरह बदल रही है।
श्री वीलैंड के अनुसार, संभावित रूप से संबंधित गिरोहों में मेक्सिको के सिनालोआ और जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल तथा इक्वाडोर के लॉस लोबोस और लॉस चोनेरोस गिरोह शामिल हो सकते हैं। उन्होंने आगाह किया कि स्थिति लगातार बदल रही है। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि हम, उदाहरण के लिए, इन द्वीपों पर कार्टेल की शाखाएं स्थापित होते देख रहे हैं।" इसके बजाय तस्कर मादक पदार्थों की आवाजाही और बिक्री के लिए स्थानीय संपर्कों तथा वितरकों पर निर्भर दिखाई देते हैं।
श्री वीलैंड के अनुसार, प्रशांत क्षेत्र में कानून प्रवर्तन के लिए अमेरिकी निवेश 2021 के 60 लाख डॉलर से बढ़कर अब छह करोड़ डॉलर से अधिक हो गया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने 2024 में फिजी की राजधानी सुवा में अपना पहला क्षेत्रीय कार्यालय खोला था और अब अपनी मौजूदगी का विस्तार करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी गोलार्ध में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क अब प्रशांत क्षेत्र तक अपनी पहुंच बढ़ा रहे हैं। ये नेटवर्क द्वीपों पर औपचारिक शाखाएं स्थापित करने के बजाय स्थानीय संपर्कों और वितरकों के जरिए काम कर रहे हैं।
श्री वीलैंड ने इक्वाडोर के आपराधिक गिरोहों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें से कुछ लंबी दूरी तक प्रशांत महासागर में मादक पदार्थ पहुंचाने के लिए अर्ध-पनडुब्बी जहाजों का इस्तेमाल करने में सक्षम दिखाई देते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित