वाशिंगटन , मई 23 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य हमलों पर आगे की चर्चा करने के लिए शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ परामर्श किया।
अमेरिकी मीडिया से प्राप्त रिपोर्टों से संकेत मिला है कि राजनयिक प्रयासों के जारी रहने के बावजूद, ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ सैन्य हमलों के एक नए दौर की तैयारी कर रहा है। हालांकि शुक्रवार दोपहर तक हमलों को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
बातचीत की धीमी गति पर निराशा व्यक्त कर चुके राष्ट्रपति ट्रंप संभावित सैन्य कार्रवाई का विकल्प तलाश रहे हैं। खबरों के अनुसार, उन्होंने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि खाड़ी देशों के अनुरोध पर रुकने से पहले वे हमले का आदेश देने से सिर्फ एक घंटे दूर थे।
शुक्रवार को उन्होंने न्यू जर्सी में अपने गोल्फ रिसॉर्ट की यात्रा की योजना रद्द कर दी और कहा कि वह सप्ताहांत में अपने बेटे की शादी में शामिल नहीं होंगे और वाशिंगटन में ही रहेंगे, जिसका कारण उन्होंने "सरकार की परिस्थितियां और अमेरिका के प्रति मेरा प्रेम" बताया।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने शुक्रवार को कहा कि कतर और पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल तनाव कम करने के उद्देश्य से तेहरान पहुंचे हुए हैं। यह जानकारी ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने दी। आईआरएनए ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरघची ने देर रात मुलाकात कर तनाव को रोकने और संघर्ष को समाप्त करने पर चर्चा की।
सीबीएस ने सूत्रों के हवाले से कहा कि अमेरिकी सेना और खुफिया समुदाय के कुछ सदस्यों ने संभावित हमलों की आशंका मद्देनजर मेमोरियल डे वीकेंड की अपनी योजनाएं रद्द कर दीं। यह कदम ईरान की संभावित जवाबी कार्रवाई की आशंकाओं के बीच उठाया गया है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, बातचीत जारी रहने के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्हाइट हाउस में नियमित रूप से होने वाली बैठक हुई लेकिन आगे की कार्रवाई पर कोई निर्णय नहीं लिया गया।
खुफिया अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार, माना जा रहा है कि ईरान अपनी सैन्य-औद्योगिक आधार को बहुत तेज़ी से पुनर्निर्मित कर रहा है और पहले से ही ड्रोन बना रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित