कीव , दिसंबर 22 -- यूक्रेन के शीर्ष शांति वार्ताकार रुस्तम उमेरोव ने कहा है कि पिछले तीन दिनों से अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत में अमेरिकी और यूरोपीय सहयोगियों के साथ यूक्रेन की वार्ता रचनात्मक रही।
श्री उमेरोव ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि यूक्रेन और अमेरिका के बीच हुई चर्चा 20 सूत्री शांति योजना को आगे बढ़ाने, यूक्रेन के लिए बहुपक्षीय और अमेरिकी सुरक्षा गारंटी ढांचों पर एकमत होने और आर्थिक एवं समृद्धि योजना को आगे बढ़ाने पर केंद्रित थी। दोनों पक्षों ने समयसीमा और अगले कदमों के क्रम पर भी चर्चा की। यूक्रेन, अमेरिका और यूरोप के बीच एक साझा रणनीतिक दृष्टिकोण पर सहमति बनाने के लिए प्रमुख यूरोपीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने चर्चा में भाग लिया।
श्री उमेरोव ने कहा, "यूक्रेन न्यायपूर्ण और स्थायी शांति प्राप्त करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। हमारी साझा प्राथमिकता हत्याओं को रोकना, सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित करना और यूक्रेन के पुनर्निर्माण, स्थिरता और दीर्घकालिक समृद्धि के लिए परिस्थितियां बनाना है।" उन्होंने कहा कि शांति का अर्थ केवल शत्रुता का अंत ही नहीं, बल्कि एक स्थिर भविष्य के लिए एक गरिमापूर्ण आधार भी होना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित