तेहरान , जून 21 -- अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए नये राजनयिक प्रयासों का आह्वान किया है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब रविवार को स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान के बीच तकनीकी स्तर की बातचीत शुरू हुई।

श्री ग्रॉसी ने कहा कि इस नाजुक मोड़ पर कूटनीति को 'सफल होने का हर मौका' दिया जाना चाहिए। उन्होंने ईरान से जुड़े हालिया घटनाक्रमों और आईएईए की व्यापक भूमिका की समीक्षा के लिए स्विट्जरलैंड के विदेश मंत्री इग्नाजियो कासिस से मुलाकात भी की।

श्री ग्रॉसी का यह बयान तब आया है, जब स्विट्जरलैंड के बर्गनस्टॉक रिजॉर्ट में अमेरिका-ईरान वार्ता चल रही है, जिसमें कतर और पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल भी हिस्सा ले रहे हैं। श्री ग्रॉसी ने 'एक्स' पर पोस्ट में स्थिति को संभालने के लिए निरंतर संवाद और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के महत्व पर विशेष जोर दिया। ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, इस बातचीत में ईरान श्री ग्रॉसी की कोई भूमिका नहीं देखता और उसने उनकी भागीदारी का विरोध किया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका ने बैठक में उनकी मौजूदगी के लिए दबाव बनाया था, लेकिन ईरान ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। स्विट्जरलैंड में चल रहे इस दौर की चर्चा तकनीकी स्तर पर हो रही है, जिसमें पाकिस्तान और कतर मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित