तेहरान , जुलाई 15 -- ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने बुधवार को इस्लामिक रिपब्लिक का रुख दोहराते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए बंद है। उसने दावा किया कि ईरानी अधिकारियों से तालमेल किये बिना इस जलमार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों को रोका गया और चेतावनी के रूप में गोली चलाने के बाद उन्हें रुकने पर मजबूर किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, जहाज ईरानी मंज़ूरी लिए बिना ग़ैर-क़ानूनी तरीक़े से जलडमरूमध्य से गुज़रने की कोशिश कर रहे थे।
सरकारी मीडिया ने दावा किया कि उस इलाके में मौजूद सभी जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य, फ़ारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में लंगर डाले हुए स्थिर थे और कोई भी जहाज उस रणनीतिक जलमार्ग की ओर नहीं बढ़ रहा था।
यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार किये गये दावों के ठीक उलट है। श्री ट्रंप ने मंगलवार को ईरानी बंदरगाहों और जहाजों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी फिर से शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान को छोड़कर सभी जहाजों की आवाजाही के लिए खुला है।
हालांकि तकनीकी रूप से यह जलडमरूमध्य चालू है, लेकिन अमेरिका-ईरान के बीच इस बात पर तीखा मतभेद बना हुआ है कि यह जलमार्ग असल में खुला है या बंद। ओमान के पास वैकल्पिक रास्ते से सुरक्षा देने के अमेरिकी भरोसे के बावजूद, ईरानी धमकियों एवं वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों के कारण इस जलमार्ग से होने वाला समुद्री यातायात लगभग खत्म हो गया है।
हाल ही में, जलडमरूमध्य से गुज़रने वाले लगभग किसी भी जहाज़ का लोकेशन ट्रांसपोंडर चालू नहीं पाया गया है, हालांकि कुछ जहाज़ पहले भी अपनी लोकेशन बताए बिना यहां से गुज़रे हैं। बुधवार को वाणिज्यिक जहाज़ों पर किसी भी नए हमले की तुरंत कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई।
हालांकि, जून के मध्य में अमेरिका-ईरान के बीच समझौता पत्र पर हस्ताक्षर होने के बाद से ईरान ने कम से कम चार जहाज़ों को निशाना बनाया है, जिससे इस महत्वपूर्ण जलमार्ग से गुजरने को लेकर नौवहन कंपनियों के बीच अनिश्चितता लगातार बढ़ती रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित