जालंधर , मार्च 02 -- रिवोल्यूशनरी मार्क्सवादी पार्टी ऑफ इंडिया (आरएमपीआई) के महासचिव कामरेड मंगत राम पासला ने सोमवार को कहा कि अमेरिका-इजरायल ने जिस तरह से संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों और सभी अंतरराष्ट्रीय नियमों को ताक पर रखकर ईरान पर हमला किया है, वह सरासर 'गुंडागर्दी' है।
उन्होंने कहा कि इस हमले की खूनी लपटें केवल मध्य-पूर्व के देशों तक ही सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि दुनिया के सभी क्षेत्रों तक फैलकर 'तीसरे विश्व युद्ध' छिड़ने का कारण बन सकती हैं। कामरेड पासला ने कहा कि यह युद्ध केवल अमेरिका और उसके सहयोगियों द्वारा दुनिया भर में अपना दबदबा कायम करने और प्राकृतिक संसाधनों को लूटने के इरादे से शुरू किया गया है। आरएमपीआई मांग करती है कि इस युद्ध को तुरंत बंद किया जाए और सभी मुद्दों को राजनयिक बातचीत के माध्यम से हल किया जाये।
साथी पासला ने कहा कि इस युद्ध में हो रहा भारी जान-माल का नुकसान दुनिया के सभी देशों, विशेषकर विकासशील और गरीब देशों की अर्थव्यवस्था को तबाह करने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने अमेरिका-इजरायल की इन हमलावर कार्रवाइयों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा साधी गयी 'साजिशपूर्ण चुप्पी' पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे भारत के कई मित्र देशों के साथ संबंध बिगड़ सकते हैं।
श्री पासला ने खाड़ी देशों में फंसे हजारों भारतीयों की सुरक्षित स्वदेश वापसी की मांग करते हुए मोदी सरकार से इस संबंध में तेजी से कार्रवाई करने का आग्रह किया है। कामरेड पासला ने देश भर के लोगों से अपील की है कि वे अमेरिकी साम्राज्यवाद और उसके साथी इजरायल द्वारा शुरू की गयी इस अन्यायपूर्ण जंग का पुरजोर विरोध करें और तुरंत युद्धविराम की मांग उठाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित