बर्लिन , अप्रैल 27 -- जर्मनी के चांसलर फ्रीडरिच मर्ज़ ने अमेरिका और इज़रायल के ईरान के साथ चल रहे युद्ध को 'पूरी तरह अनावश्यक' करार देते हुए कहा है कि पश्चिम एशिया संकट के भू-राजनीतिक प्रभाव यूरोप, एशिया और अमेरिका के ऊर्जा बाजारों को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहे हैं।

श्री मर्ज ने साइप्रस में अनौपचारिक यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद कहा कि जर्मनी इन चुनौतियों का समाधान अकेले नहीं कर सकता और उसकी सफलता या विफलता यूरोप की सामूहिक क्षमता पर निर्भर करेगी।

उन्होंने कहा कि आपूर्ति शृंखला में व्यवधान, ऊर्जा कीमतों में वृद्धि और बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितता का जर्मनी पर सीधा असर पड़ रहा है और नयी ऊर्जा वास्तविकताओं को स्वीकार करना आवश्यक है।

श्री मर्ज ने ईरान की आंतरिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की कठोर कार्रवाइयों की आलोचना की और कहा कि ईरानी नेतृत्व पूरे देश को अपमानित कर रहे हैं।

उन्होंने उत्तर राइन-वेस्टफेलिया के मार्सबर्ग में छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि ईरानी अधिकारी अमेरिका के साथ वार्ता में अपेक्षा से अधिक कुशलता दिखा रहे हैं और पहले की तुलना में अधिक मजबूत तथा नियंत्रित नजर आ रहे हैं।

श्री मर्ज ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य आंशिक रूप से बारूदी सुरंगों से प्रभावित है और मौजूदा संघर्ष में अमेरिका की स्पष्ट निकास रणनीति दिखाई नहीं दे रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित