वाशिंगटन , अगस्त 01 -- अमेरिका और इजरायल इस सप्ताहांत ईरान के ऊर्जा ढांचे पर अब तक के सबसे व्यापक हवाई हमलों में से एक को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। अमेरिकी समाचार चैनल सीबीएस न्यूज ने कई अज्ञात सूत्रों के हवाले से यह दावा किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों के बीच इस बात पर चर्चा हुई है कि यदि सैन्य अभियान शुरू किया जाता है तो उसे सोमवार को अमेरिकी वित्तीय बाजार खुलने से पहले समाप्त कर लिया जाए, ताकि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर संभावित असर को सीमित रखा जा सके। अभी तक कोई अंतिम समय-सीमा तय नहीं की गयी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब तक हमलों को अंतिम मंजूरी नहीं दी है। इजरायल को संभावित अभियान की जानकारी दे दी गई है और वह अमेरिका के साथ समन्वय बनाए हुए है। एक इजरायली अधिकारी ने हालांकि सीबीएस से कहा कि इजरायल को ईरान के खिलाफ पूर्ण पैमाने पर सैन्य अभियान फिर से शुरू करने के किसी अंतिम निर्णय की जानकारी नहीं है और न ही उसे नए हमलों में शामिल होने के लिए कहा गया है।

संभावित हमलों की योजना पर शुक्रवार को कैंप डेविड में हुई ट्रंप मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा हुई, जहां कुछ राजनीतिक सलाहकारों ने इस पर आपत्ति भी जतायी। बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में श्री ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान पर इतना कड़ा प्रहार करेगा कि वह आगे कार्रवाई करने की स्थिति में नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य नये कूटनीतिक प्रयासों के बजाय निर्णायक परिणाम हासिल करना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि संभावित लक्ष्यों में बिजली संयंत्र और तेल रिफाइनरियां शामिल हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि श्री ट्रंप दोहरा चुके हैं कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित