सरगुजा , मार्च 09 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले की अमेरा कोयला खदान में प्रतिबंधित क्षेत्र से कोयला चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का कोयला और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद माल की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार थाना लखनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति अमेरा कोयला खदान से अवैध रूप से कोयले की चोरी और तस्करी कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लखनपुर पुलिस टीम को मौके पर जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया।
निर्देश के बाद रवाना हुई पुलिस टीम ने घटना में शामिल दो आरोपियों, रवि दास (28) और सत्यम राजवाड़े (24), दोनों निवासी पूहपुटरापारा, थाना लखनपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने प्रतिबंधित खदान क्षेत्र से कोयला चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए कुल 04 बोरे कोयले के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार बरामद माल की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये है। आरोपियों के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्हें बाद में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अदालती आदेश पर आरोपियों को जेल भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित