अमेठी , जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से माध्यमिक शिक्षा विभाग की पहल पर 53 छात्र शुक्रवार को शैक्षिक एक्सपोजर विजिट के तहत नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थानों और प्रतिष्ठानों से परिचित कराना है, ताकि वे उच्च शिक्षा के अवसरों को करीब से समझ सकें।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि भ्रमण के दौरान छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय, आईआईटी दिल्ली, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, राष्ट्रपति भवन सहित अन्य प्रमुख शैक्षिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का दौरा करेंगे। उन्हें संस्थानों की कार्यप्रणाली, शैक्षिक वातावरण और करियर संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण से छात्रों में उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और उनके करियर विकल्पों का विस्तार होता है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

डीआईओएस ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। छात्रों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं तथा विभागीय जिम्मेदार अधिकारी उनके साथ गए हैं। यह भ्रमण कुल पांच दिनों का होगा, जिसमें तीन दिन दिल्ली में प्रवास और दो दिन आवागमन में व्यतीत होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित