अमेठी , मार्च 12 -- अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने व्यापारी अपहरण और फिरौती कांड में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मो. इस्लाम उर्फ मच्छर को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात इसौली मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कबाड़ व्यवसायी रमन अग्रहरि के अपहरण और लाखों रुपये की फिरौती वसूली के मामले में फरार चल रहे आरोपी मो. इस्लाम उर्फ मच्छर की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपी गोंडा जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 10 फरवरी को मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के निवासी कबाड़ व्यवसायी रमन अग्रहरि का वाहन समेत अपहरण कर लिया था और करीब आठ लाख रुपये से अधिक की फिरौती लेने के बाद उसे छोड़ दिया था।

इस मामले में शामिल कई आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि फरार चल रहे मो. इस्लाम उर्फ मच्छर पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित