अमेठी , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र स्थित शाहमऊ कस्बे में दो ज्वेलरी दुकानों में हुई करीब 25 लाख रुपये की चोरी की घटना का पुलिस 12 दिन बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है। मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी न होने से व्यापारियों में नाराजगी और असुरक्षा का माहौल है।

पुलिस के अनुसार 12 जुलाई की देर रात अज्ञात चोरों ने आमने-सामने स्थित कान्हा ज्वेलर्स और आरएस ज्वेलर्स को निशाना बनाया। अगले दिन सुबह कान्हा ज्वेलर्स के संचालक राजेश सोनी जब दुकान पहुंचे तो ताले टूटे मिले और दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। पास स्थित आरएस ज्वेलर्स में भी चोरी की वारदात सामने आई।

चोर दोनों दुकानों से 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर मोहनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राजेश सोनी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, लेकिन अब तक पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है।

घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में प्रतिदिन रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत गश्त किए जाने का दावा किया जाता है, इसके बावजूद चोरों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया।

व्यापारियों ने चोरी का शीघ्र खुलासा करने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से कारोबारियों में भय का वातावरण बना हुआ है।

उधर, मोहनगंज कोतवाली प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है। सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित