अमेठी , अक्टूबर 23 -- अमेठी में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर गुरुवार देर रात पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर कादूनाला चौकी से करीब 100 मीटर आगे बीती रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित उर्फ खुन खुन (25) पुत्र रामलाल पासी, निवासी ग्राम जमुआ, थाना घुंघटेर, जिला बाराबंकी और बृजेश (22) पुत्र भोदू पासी, निवासी ग्राम अटहरा, थाना घुंघटेर, जिला बाराबंकी का के रूप में हुई है।

दोनो युवक बाइक से बाराबंकी से प्रतापगढ़ जा रहे थे।दोनों प्रतापगढ़ में मुर्गी फार्म पर काम करते थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों की पहचान कर परिजनों को सूचना दिया।पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा करवा कर पीएम रिपोर्ट हेतु भेज दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन की पहचान करने की बात कह रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित