अमेठी , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो अयोध्या की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जायस थाने में तैनात एक सिपाही को नौ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जायस थाने में तैनात सिपाही चंदन कन्नौजिया पर एक मामले में समझौता कराने के नाम पर एक पक्ष से नौ हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो अयोध्या की टीम ने जाल बिछाया। शनिवार दोपहर टीम ने जायस थाना क्षेत्र में निगरानी शुरू की। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता द्वारा जैसे ही सिपाही को रिश्वत की रकम दी गई, एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। टीम आरोपी सिपाही को अपने साथ लेकर चली गई।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी सिपाही ने कथित रूप से एक मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का आश्वासन दिया था, जिसके एवज में उसने रिश्वत की मांग की थी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष 10 फरवरी को भी जिले में एक उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार किए गए सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आरोपी सिपाही को भाले सुल्तान थाना ले जाकर आवश्यक पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित