अमेठी , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सोमवार देर शाम एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फुरसतगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-सुल्तानपुर मार्ग पर निगोहा के पास तकनीकी खराबी के कारण ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान अमेठी से रायबरेली की ओर जा रही दो मोटरसाइकिलें पीछे से खड़े ट्रक से टकरा गईं। दोनों बाइकों पर कुल सात लोग सवार थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि सभी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हीरालाल (45) निवासी फरीदपुर परवर थाना जायस, अतुल निवासी गांधीनगर थाना जायस तथा उनकी पुत्री दिशा को मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में पल्लवी पुत्री हीरालाल, शिवानी पुत्री सत्यनारायण निवासी ओदारी चौराहा थाना जायस, अतुल की पत्नी रानी तथा माही (12) पुत्री जीवनलाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित