अमेठी , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में दहेज प्रताड़ना के बीच एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कि जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मीरपुर मुबारकपुर निवासी साहब लाल यादव ने जामो थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी पम्मी यादव की शादी तीन मार्च 2025 को अमित कुमार , निवासी सम्भई थाना जामो, के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष मोटर साइकिल, नकदी और सोना-चांदी देने के बावजूद कार या उसके बराबर धनराशि की मांग करने लगा।
पीड़ित पिता का कहना है कि उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि या तो उसे जहरीला पदार्थ खाने के लिए मजबूर किया गया या मारपीट कर जहर दिया गया। परिजनों के अनुसार, उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर, एक निजी अस्पताल तथा लखनऊ मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां अंततः उसकी मृत्यु हो गई।
मृतका के परिजनों का यह भी आरोप है कि पति ने अंतिम संस्कार में भी भाग नहीं लिया। शव का अंतिम संस्कार मायके पक्ष ने किया।
थाना जामो के प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित