अमेठी , अक्टूबर 23 -- गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 का मतदान शुक्रवार को अमेठी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले के सभी नौ मतदान केंद्रों पर कुल 88.35 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निष्पक्ष और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत अमेठी में शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। जनपद के सभी 9 मतदान केंद्रों पर प्रातः 8:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक मतदान हुआ। इस दौरान जनपद में कुल 88.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी सुबह से ही लगातार भ्रमणशील रहे।

डीएम और एसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील गौरीगंज, विकासखंड जामों, विकासखंड जगदीशपुर, विकासखंड मुसाफिरखाना, विकासखंड सिंहपुर, सुभाष पशुपतिनाथ इंटर कॉलेज तिलोई तथा विकासखंड बहादुरपुर के अंतर्गत स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सहित निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक प्रबंधों का निरीक्षण किया।। जनपद के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया की निगरानी करते रहे। मतदान केंद्रों पर राजनीतिक दलों के एजेंट भी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मतदान की समुचित व्यवस्था की गई।

इस दौरान समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने निर्वाचन प्रक्रिया सवाल उठाया।उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन भाजपा प्रत्याशी के समर्थक के रूप में कार्य कर रहा है।समाजवादी पार्टी वा अन्य प्रत्याशियों के साथ सही व्यवहार नहीं कर रहा है।फिलहाल बीजेपी नेताओं ने आरोपों को निराधार बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित