अमेठी , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी में पुलिस ने लूट के मामले का खुलासा करते हुए 39 मुकदमों में वांछित शातिर अंतरजनपदीय लुटेरे सतेन्द्र कुमार निषाद उर्फ कालिया और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से महिला से लूटी गयी सोने की चेन, 10 हजार रुपये नकद, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और वारदात के दौरान चेहरा छिपाने में इस्तेमाल हेलमेट बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने शुक्रवार को बताया कि कमरौली थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम सुरागरसी-पतारसी कर रही थी। इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज, अन्य साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर मोटरसाइकिल सवार सतेन्द्र कुमार निषाद उर्फ कालिया, निवासी डीआरएम पुलिया, कनौसी, मानक नगर, थाना कृष्णानगर, लखनऊ को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने चेन खरीदने-बेचने का काम करने वाले उसके साथी गगनप्रीत सिंह, निवासी आर्यनगर, थाना नाका, लखनऊ को भी गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर लूटी गयी पीली धातु की चेन, 10 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और हेलमेट बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सतेन्द्र ने बताया कि उसने 13 अगस्त को यूपीएसआईडीसी कॉलोनी में एक महिला से चेन छीन ली थी और उसी दिन उसे बेचने के लिए गगनप्रीत को दे दिया था। चेन के बदले गगनप्रीत ने उसे 15 हजार रुपये अग्रिम दिये थे तथा शेष रकम चेन बिकने के बाद देने की बात कही थी।

गगनप्रीत ने पूछताछ में बताया कि लखनऊ में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के कारण चेन नहीं बिक सकी। दोनों ने शुक्रवार को बनभरिया मोड़ पर मिलकर चेन बेचने की योजना बनायी थी, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गयी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सतेन्द्र एक अंतरजनपदीय शातिर लुटेरा है। उसके विरुद्ध लखनऊ, बाराबंकी और अमेठी में लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट और गुंडा अधिनियम समेत कुल 39 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित