अमेठी , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में गुरुवार को एक विवाहिता का रक्तरंजित शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार जामो थाना क्षेत्र के पूरे दीवान गांव निवासी पूनम (25), पत्नी शिवा, का शव उसके ससुराल स्थित घर में पड़ा मिला। मृतका के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
मामले में एक महत्वपूर्ण पहलू तब सामने आया जब मृतका की नाबालिग बेटी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का घर के एक चाचा से विवाद हुआ था और विवाद के दौरान चाचा ने उसकी मां को मार दिया। पुलिस ने बच्ची के बयान को जांच का हिस्सा बनाते हुए सभी पहलुओं पर पड़ताल शुरू कर दी है।
मृतका की मां सावित्री ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना उन्हें ससुराल पक्ष की ओर से दी गई। उनके अनुसार बुधवार शाम ही उनकी बेटी ससुराल पहुंची थी और रात में फोन पर बातचीत के दौरान उसने बताया था कि सब कुछ सामान्य है। गुरुवार को उसकी मौत की सूचना मिली।
सावित्री ने कहा कि ससुराल पक्ष यह दावा कर रहा है कि पूनम ने स्वयं चाकू से हमला कर आत्महत्या कर ली, लेकिन घटनास्थल की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत नहीं होता कि उसने खुद पर वार किया होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मृतका का मोबाइल फोन और एक पायल भी गायब है। उनका कहना है कि पूनम का पति रोजी-रोटी के लिए सूरत में रहता है और घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित