अमेठी , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक दलित महिला ने एक युवक पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने, दो माह तक बंधक बनाकर रखने, दुष्कर्म करने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बतायाकि बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के प्रतापपुर मजरे नीमपुर निवासी अजय कुमार पासी ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि पिछली 12 जून को उसकी पत्नी शिवानी को तवरेज अहमद निवासी नेवाज मदारगढ़ थाना बाजार शुकुल अपने साथ ले गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी महिला को लखनऊ ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया तथा उसके दस्तावेजों में भी बदलाव कराने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद स्थानीय स्तर पर आरोपी के विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़िता शिवानी ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उस पर निकाह करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला गया तथा उसकी इच्छा के विरुद्ध मांसाहार का सेवन करने के लिए कहा गया।

उधर, बाजार शुकुल के प्रभारी निरीक्षक विवेक वर्मा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित