अमेठी , मई 20 -- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अमेठी दौरे के दौरान बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने हस्तक्षेप कर समाप्त कराया। श्री गांधी के अमेठी पहुंचने से पहले ही भाजपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय के मुख्य मार्ग स्थित सैठा तिराहे पर एकत्र हो गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां और कटआउट थे, जिन पर "राहुल गांधी जवाब दो, अपने पीआरओ का हिसाब दो" जैसे नारे लिखे हुए थे। भाजपा कार्यकर्ता "राहुल गांधी वापस जाओ" के नारे भी लगा रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान मुख्य सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।

भाजपा नेता शिवम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सांसद अपनी सांसद निधि का दुरुपयोग कर रहे हैं और जनता का धन जनहित के बजाय निजी संस्थानों पर खर्च किया जा रहा है। वहीं भाजपा नेता अभिषेक सिंह ने कहा कि अमेठी की जनता ने राहुल गांधी को चुनाव में पराजित कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने यहां केएल शर्मा को भेज दिया।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर सुबह से ही जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आए तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित