अमेठी , मई 23 -- अमेठी लोकसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने भीषण गर्मी और हीट अलर्ट के बीच बाधित विद्युत आपूर्ति को किसानों, छात्रों और आम जनजीवन के लिए गंभीर समस्या बताया है। श्री शर्मा ने 21 मई को मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मुसाफिरखाना इलाके में पिछले कई दिनों से विद्युत आपूर्ति लगातार बाधित चल रही है। अनियमित बिजली कटौती से आम जनता परेशान है और किसानों को सिंचाई कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में दिन और रात दोनों समय बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उमस भरी गर्मी में बार-बार बिजली जाने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि स्थानीय अधिकारियों से कई बार संपर्क कर बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधारने का प्रयास किया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश में हीट अलर्ट जारी है और ऐसे समय में लगातार बिजली कटौती बच्चों की पढ़ाई तथा लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित