अमेठी , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के संग्रामपुर क्षेत्र में मंगलवार को मालती नदी में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। महिला चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हुई थी। उसका शव लकड़ी के पुल में फंसा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस के अनुसार, संग्रामपुर थाना क्षेत्र के खौपुर गांव के पास मालती नदी में मंगलवार को महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान संग्रामपुर क्षेत्र के करनाईपुर गांव निवासी संजू देवी (40) पत्नी राजेश कुमार के रूप में हुई।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, संजू देवी चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। उनकी तलाश की जा रही थी और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई थी। संजू देवी के चार बच्चे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित