अमेठी , मार्च 17 -- अमेठी में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने पत्नी की हत्या के जुर्म में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि अवैध संबंधों के शक और पारिवारिक विवाद के चलते सुनसान खेत में डंडे से वार कर पत्नी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे डींगुर मजरे सराय हृदयशाह निवासी सोमई पुत्र रामदीन ने सोमवार को तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री रेखा (27) होली के दिन अपने ससुराल से उनके घर आयी थी। 15 मार्च की शाम घर से शौंच के लिये गयी थी, जिसका शव गांव के बाहर गेंहू के खेत में मिला है। उन्होंने आगे बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी पुत्री की हत्या कर दी गयी है। जिनकी सूचना पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस का सर्च अभियान जारी था।पुलिस ने कई माध्यमों का सहारा लिया आखिर कार कातिल तक पहुंच गई।मंगलवार को पुलिस ने मृतका के पति मंशाराम निवासी दिछौली थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक को उसके बाइक के साथ गिरफ्तार किया।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह एक लड़की से बात करता था। जिसका उसकी पत्नी रेखा (मृतका) विरोध करती थी।जिस बात को लेकर दोनों में मनमुटाव रहता था। दोनों के बीच प्राय: कहासुनी होती रहती थी।इसके साथ ही अभियुक्त को शक था कि उसकी पत्नी का अन्य लोगों से भी संबन्ध था । उसकी पत्नी फोन से अन्य लोगों से बातचीत करती थी जिसके बारे में अभियुक्त द्वारा पूछने पर वह कुछ नहीं बताती थी।
चार मार्च को वह अपनी पत्नी के साथ होली में ससुराल आया था तभी उसने रेखा को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी। 15 मार्च को रेखा को उसके मायके में ही खत्म करने की योजना बनाते हुये वह कूरेभार जनपद सुलतानपुर भट्ठे से एक मोटा डण्डा लेकर मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल रात्रि में पहुंचा। सुनसान जगह पर खेतों में मोटरसाइकिल खड़ी कर रेखा को फोन किया तथा जान से मरने की दुहाई देकर उसे खेतों में बुला लिया । जब रेखा खेतों में आयी तो उसने लड़ना शुरु कर दिया जिसके बाद उसने अपने हाथ में लिये डण्डे से रेखा के सिर पर जोर से 04-05 वर किया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी । थोड़ी दूर पर सरपत में डण्डा को छिपाने के बाद वह मोटरसाइकिल से वापस कूरेभार जनपद सुलतानपुर भट्ठे पर चला गया । पकड़े जाने के डर से रेखा की मोबाइल व सिम जलते हुये भट्ठे में डाल दिया था। अभियुक्त की निशानदेही पर आलाकत्ल डण्डा बरामद किया गया । बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना गौरीगंज पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित