अमेठी , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के जामो क्षेत्र में शनिवार सुबह ट्रक की चपेट में आने से धर्म कांटे पर सो रहे युवक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के संभई स्थित एक धर्म कांटे पर चौकीदारी करने वाला सर्वेश (36) उर्फ पिंटू पुत्र श्रीराम शुक्रवार रात ड्यूटी के दौरान वहीं सो गया था। देर रात एक ट्रक तौल के लिए धर्म कांटे पर पहुंचा। तौल के दौरान ट्रक चालक वाहन को बैक कर रहा था, तभी ट्रक सो रहे सर्वेश के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर रूप से चोटिल होकर मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि धर्म कांटे पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी, जिसके कारण चालक को सो रहा चौकीदार दिखाई नहीं पड़ा। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सर्वेश को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित