अमेठी , अक्टूबर 23 -- घर से दूर रहकर उच्च शिक्षा हासिल करने आई छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अमेठी में गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। फुरसतगंज थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय छात्रा ने मकान मालिक के एक रिश्तेदार पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना ने किराये के मकानों में रहने वाली छात्राओं की सुरक्षा और उनकी हिफाजत के इंतजामों पर सवाल खड़े किए हैं।

जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर फुटवेयर डिजाइनिंग एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय छात्रा ने एक युवक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना बृहस्पतिवार रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा इसी वर्ष संस्थान में दाखिल हुई थी। पढ़ाई के सिलसिले में किराये के कमरे में रहती थी। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात मकान मालिक के रिश्तेदार युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद छात्रा ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की।

देश के प्रतिष्ठित संस्थान में उच्च शिक्षा ग्रहण करने आई छात्रा के साथ हुई इस तरह की घटना ने छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस की निगरानी और शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी भी सवालों के घेरे में है।

पूरे मामले में सीओ तिलोई दिनेश मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित