अमेठी , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के इन्हौना क्षेत्र में गोकशी प्रकरण में वांछित जुनैद अहमद को पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि जिले के इन्हौना थाना क्षेत्र के करन गांव में बीस फरवरी को हुई गोकशी की घटना में वांछित चल रहे जुनैद अहमद के बीती देर रात क्षेत्र में होने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने सेमरौता मार्ग पर गन्द नाला के पास घेराबंदी की। मौके पर बैकअप के लिए जायस और मोहनगंज थानों की पुलिस भी बुलाई गई। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख जुनैद ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक बाइक और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से उसके छह अन्य साथियों को गिरफ्तार किया। जो उसके साथ मिलकर गोकशी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूरे मामले में जांच एवं अन्य विधिक कार्यवाही जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित