अमेठी , सितम्बर 23 -- अमेठी पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पाली जंगल में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ग्यारह निर्मित और पांच अर्द्धनिर्मित अवैध शस्त्र समेत कुल 16 तमंचे बरामद किया है।

इसके साथ चार जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले बड़ी संख्या में उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लखनऊ के रहने वाले हैं और सुनसान स्थानों पर शस्त्र बनाकर लखनऊ व आसपास के जिलों में बेचते थे।

पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने बुधवार को बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत बुधवार को बाजारशुक्ल पुलिस क्षेत्र में मौजूद थी । उसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति पाली जंगल में अवैध शस्त्र बना रहे हैं । उक्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंच कर एक बारगी दबिश देकर घेरकर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम कौशल किशोर पुत्र गोपी निवासी नवीपनाह थाना मॉल जनपद लखनऊ, दूसरे ने अपना नाम छोटू पुत्र सुकरू निवासी नवीपनाह थाना माल जनपद लखनऊ बताया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे व मौके से 09 तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस व 02 खोखा कारतूस 315 बोर, 02 तमंचा 12 बोर, 02 जिंदा कारतूस 12 बोर, 05 अदद अर्द्ध निर्मित तमंचा 12 बोर, 01 धुकनी/भट्टी व अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण जैसे- 52 अदद रिपिट, 18 हैमर, 15 अदद लोहे की नाल, 12 अदद बट, 05 बॉडी, 01 अदद 05 राउण्ड की चरखी, 45 स्प्रिंग, 34 कील, 09 ट्रिगर, 4 शुम्भी, 03 हथौड़ी, 02 रेती, 03 अदद सड़सी, 05 फायरिंग पिन आदि अन्य भारी मात्रा में बरामद हुए । मौके से बरामद मोटरसाइकिल स्प्लेण्डर सं0 यूपी 32 एनबी 1397 के कागज मांगने पर दिखा न सके । बरामदगी के आधार पर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर थाना बाजारशुक्ल द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित