बेंगलुरु , अप्रैल 23 -- ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन ने भारत में उसके साथ काम करने वाले एसोसिएट्स की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति की मजबूती के लिए 2,800 करोड़ रुपये (30 करोड़ डॉलर) के निवेश की घोषणा की है।
कंपनी ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह साल 2030 तक 35 अरब डॉलर की उसकी निवेश योजना का हिस्सा है जिसके तहत वह कारोबार का विस्तार करने के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित डिजिटाइज़ेशन, निर्यात में वृद्धि और रोजगार सृजन पर फोकस करेगी। इस दौरान उसके मुख्य कारोबार के साथ क्विक कॉमर्स नेटवर्क का विस्तार भी जारी रहेगा ताकि लोगों तक सामान जल्दी से जल्दी पहुंच सके।
अमेजन ने पिछले साल भारत में दो हजार करोड़ रुपये (23.3 करोड़ डॉलर) का निवेश किया था और देश में 17 नये फुलफिलमेंट सेंटर, छः सॉर्टेशन सेंटर और 75 लास्ट-माइल डिलीवरी स्टेशन खोले थे। पिछले साल ही उसने अपनी क्विक कॉमर्स पेशकश एमेज़ॉन नाउ शुरू की थी, जिसके बाद मुख्य शहरों में सुरक्षित और तेज डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित