बैतूल , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के मुलताई नगर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अमृत 2.0 योजना के तहत हरदौली फिल्टर प्लांट से मुख्य जल वितरण व्यवस्था तक नई पाइपलाइन जोड़ी जा रही है। नेशनल हाईवे क्रॉसिंग पार कर बिछाई जा रही इस अतिरिक्त पाइपलाइन से नगर में फिल्टर पानी की आपूर्ति लगभग दोगुनी होने की उम्मीद है।

नगरपालिका अध्यक्ष नीतू परमार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी और सब इंजीनियर महेश शर्मा ने रविवार को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्य की गुणवत्ता और गति का जायजा लेते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

सब इंजीनियर महेश शर्मा के अनुसार, नई पाइपलाइन चालू होने से आगामी गर्मी में पेयजल की कमी से निपटने में मदद मिलेगी। अभी हरदौली फिल्टर प्लांट से नगर के कुछ दूरस्थ और ऊंचाई वाले वार्डों तक पर्याप्त मात्रा में फिल्टर पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे वहां के नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नई पाइपलाइन से अब तक पर्याप्त स्वच्छ पेयजल से वंचित क्षेत्रों में भी आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है। नगरपालिका का लक्ष्य नगर के सभी वार्डों में पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित