भिण्ड , मई 17 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में गर्मी बढ़ने के साथ अमृत सरोवरों का जलस्तर घटने का मामला प्रशासनिक समीक्षा बैठक में सामने आने पर कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की बैठक में कलेक्टर ने कहा कि तालाबों में पूरे वर्ष पानी उपलब्ध रहे, इसके लिए ठोस योजना बनाकर कार्य किया जाए।
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान 2025-26 और 2026-27 के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरे और कमजोर पाए जाने पर कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर भी इसके परिणाम दिखाई दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अमृत सरोवरों का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि जल संरक्षण को स्थायी बनाना है। इसके लिए तालाबों की तकनीकी गुणवत्ता, गहराई और जल स्रोतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गर्मियों में भी पर्याप्त जल भंडारण बना रहे।
कलेक्टर ने मनरेगा के तहत लंबित कार्यों को इसी माह पूरा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा 'मां की बगिया' और 'एक बगिया मां के नाम' अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने पौधारोपण अभियान के लिए स्व-सहायता समूहों से पौधे तैयार करवाकर उनकी खरीदी करने पर भी जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित