भोपाल , मार्च 12 -- नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा है कि विभाग द्वारा शहरी महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और इसी कड़ी में अमृत मित्र पहल के माध्यम से महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अमृत 2.0 के अंतर्गत 13 मार्च को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अमृत मित्र महोत्सव में मध्यप्रदेश की लगभग 300 अमृत मित्र महिलाएं भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों की महिलाएं भी शामिल होंगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 55 नगरीय निकायों में 312 स्व-सहायता समूहों की 1028 महिलाएं अमृत मित्र के रूप में कार्य कर रही हैं। इन महिलाओं को जल गुणवत्ता परीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वे सार्वजनिक उद्यानों के रखरखाव तथा पौधरोपण और उनकी सुरक्षा जैसे कार्यों में भी योगदान दे रही हैं।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर इस अवसर पर जल संरक्षण, स्वच्छता और शहरी प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करेंगे।

आयुक्त भोंडवे ने नई दिल्ली जा रही अमृत मित्र महिलाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि मध्यप्रदेश की महिलाएं राष्ट्रीय मंच पर राज्य के नवाचारों और कार्यों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत कर अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा बनेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित