बारां , जनवरी 20 -- राजस्थान में बारां जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक सशक्तीकरण एवं महिला उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही अभिनव पहल 'अमृत महोत्सव 2026' बुधवार से शुरु होगा।
महोत्सव का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार द्वारा कृषि उपज मंडी प्रांगण में किया जाएगा। इस महोत्सव की पूरी तैयारी कर ली गयी है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल ने मंगलवार को बताया कि अमृत महोत्सव 10 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियां एवं कार्यक्रम सम्मिलित होंगे। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के समग्र सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है, ताकि जिले की बेटियों एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके, उनकी प्रतिभाओं को मंच मिल सके।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के तहत लोकनृत्य, लोक गायन, फैशन शो, कवि सम्मेलन, राजसखी एवं अमृत महोत्सव मेला, राष्ट्रीय बालिका दिवस, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान राजसखी मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थ, परिधान एवं अन्य उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री की सुव्यवस्थित व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त फरवरी में जिला बैंक एवं लीड बैंक मैनेजर के सहयोग से महिला उद्यमशीलता शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित