फर्रुखाबाद , जुलाई 1 -- पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत फर्रुखाबाद जंक्शन स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के दौरान रेलवे यार्ड में स्थित एक पुरानी मजार को मंगलवार को प्रशासन और रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से हटा दिया गया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से फर्रुखाबाद जंक्शन स्टेशन का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में प्लेटफॉर्म संख्या पांच के आगे रेलवे यार्ड में ट्रैक संख्या छह और सात के मध्य स्थित उक्त संरचना निर्माण कार्य में बाधक बनी हुई थी।

सूत्रों ने बताया कि 11 जून को फर्रुखाबाद के भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने स्टेशन का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों को सौंदर्यीकरण कार्य में बाधा बन रही संरचना को नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए थे।

इसके बाद मंगलवार पूर्वाह्न लगभग 10:30 बजे से 12:20 बजे के बीच अपर जिलाधिकारी गजराज सिंह, वरिष्ठ सहायक मंडल अभियंता सुयश द्विवेदी, रेलवे के इंजीनियरिंग अधिकारियों तथा पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह, सदर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, जीआरपी प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह सोलंकी तथा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. मीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी संगठन अथवा समुदाय की ओर से कोई विरोध नहीं किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि संरचना हटने के बाद अब रेलवे यार्ड में ट्रैक संरेखण सहित अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित