रायपुर , जुलाई 17 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का शुक्रवार को वर्चुअल लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश में रेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी संदेश में कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधारभूत अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसका लाभ प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों और आम नागरिकों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रेलवे स्टेशनों के विकसित होने से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
उन्होंने कहा कि उन्नत प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ परिसर और आधुनिक यात्री सुविधाओं के माध्यम से लोगों को बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही इन स्टेशनों के उन्नयन से व्यापार, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
श्री साय ने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। चांपा, बालोद और सरोना जैसे प्रमुख स्टेशनों के आधुनिकीकरण से आवागमन आसान होगा और रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नई रेल परियोजनाओं, रेल लाइन दोहरीकरण, विद्युतीकरण और आधुनिक रेलवे सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित