अमृतसर , अक्टूबर 27 -- पंजाब में अमृतसर सीट से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर अमृतसर से महाराष्ट्र के धुले तक सीधी लंबी दूरी की ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग की है।

उन्होंने धुले को ट्रेन के प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन के रूप में विकसित करने का आग्रह किया है।

श्री औजला ने कहा कि अमृतसर धार्मिक, ऐतिहासिक और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है। यहां श्री हरमंदिर साहिबमें माथा टेकने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। महाराष्ट्र का धुले भी भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन यहां से लंबी दूरी की सीधी अंतरराज्यीय रेल सेवाओं की कमी है।

सांसद ने कहा कि अमृतसर और धुले के बीच सीधी ट्रेन नहीं होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, नियमित यात्रियों, बुजुर्गों और इलाज के लिए यात्रा करने वाले मरीजों को परेशानी होती है। यात्रियों को अक्सर आसपास के रेलवे स्टेशनों तक सड़क मार्ग से जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते हैं।

श्री औजला के अनुसार, सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से श्री हरमंदिर साहिब आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ महाराष्ट्र के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की यात्रा करने वालों को भी सुविधा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों और पेशेवरों को शिक्षण संस्थानों तथा औद्योगिक केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से किसानों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिल सकता है तथा पंजाब, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित