अमृतसर , जनवरी 30 -- पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने सीमा पार से संचालित नशीले पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो तस्करों को गिरफ्तार कर लगभग 255 करोड़ रूपये की 51.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरजीत सिंह उर्फ जीत और रणजीत सिंह उर्फ ढिल्लों दोनों निवासी गांव तलवंडी राय दादू, अमृतसर के रूप में हुई है। यह सफलता अमृतसर ग्रामीण पुलिस के द्वारा 42.9 किलोग्राम हेरोइन, चार हैंड ग्रेनेड और एक स्टार-मार्क पिस्तौल सहित 46 कारतूस बरामद करके सीमा पार से संचालित नार्को-आतंकवाद नेटवर्क का पर्दाफाश करने के एक दिन बाद हासिल हुई है। इसके साथ 24 घंटों में हेरोइन की कुल बरामदगी 94.5 किलोग्राम हो गई है।

डीजीपी यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिम अपने पाकिस्तान स्थित हैंडलर की मिलीभगत से सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल थे। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन की व्यापक जांच में संचार के कई तरीकों और अपराधों से जुड़े अन्य डिजिटल सबूतों के बारे में खुलासा हुआ है। डीजीपी ने बताया कि इस नेटवर्क के अगले-पिछले संबंधों का पता लगाने के लिए और जांच जारी है।

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमृतसर ग्रामीण सुहेल कासिम मीर ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस की टीमों ने खासा क्षेत्र के निकट दो संदिग्ध व्यक्तियों को उस समय रोका, जब वे मोटरसाइकिल पर जा रहे थे और उनके बीच एक संदिग्ध बैग रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि बैग की तलाशी लेने पर, पुलिस ने हेरोइन के 103 पैकेट बरामद किए, जिनका कुल वजन 51.5 किलोग्राम था।

एसएसपी ने बताया कि इस मामले की और जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित